चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे एक यात्री की मौत हो गई। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। यात्री मध्य प्रदेश का रहने वाला कल्याण दास (52) बताया जा रहा है। वह लखनऊ में आसुदाराम आश्रम वीआईपी रोड में काम करता था।
जीआरपी चारबाग के निरीक्षक संजय खरवार ने बताया कि यात्री प्लेटफार्म नंबर छह पर बैठा था। उसे ग्वालियर जाना था। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। रेलवेकर्मी उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिवार को सूचना भेज दी गई है।
बता दें कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर चिकित्सक तैनात नहीं है। आकस्मिक स्थिति में इंडोर अस्पताल से चिकित्सक बुलाने की व्यवस्था है। इंडोर अस्पताल चारबाग स्टेशन के पीछे आनंद नगर में है। यह आलमबाग से लगा है। चारबाग से इसकी दूरी करीब एक किमी है।