लखनऊ। एलडीए ने जज, आईएएस, आईपीएस, उद्यमी, राजनेताओं के आशियाना वाले पारिजात अपार्टमेंट की रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी के चुनाव का एलान कर दिया है। 10 सदस्यों के चुनाव के लिए प्रत्याशी चार से छह दिसंबर के बीच नामांकन करेंगे। मतदान 20 दिसंबर को और मतगणना भी इसी दिन होगी। अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने शनिवार को चुनावी सूचना का आदेश जारी कर दिया, जिसे परिसर में चस्पा कर दिया गया।
चुनावी प्रक्रिया पूरा करने के लिए ओएसडी डीके सिंह की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। अपर सचिव ने बताया कि मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 28 नवंबर तक इस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। 29 को इस पर सुनवाई होगी और 30 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। नामांकन पत्रों का प्रकाशन सात दिसंबर और नाम वापसी 11 को होगी। फाइनल प्रत्याशियों की सूची 12 दिसंबर को जारी होगी। नामांकन पत्र 1000 रुपये का है। कुल मतदाता 364 हैं।
अधूरे कामों को लेकर मचा हल्ला
पारिजात अपार्टमेंट में चुनाव का नोटिस चस्पा होते ही अधूरे कामों को लेकर हल्ला मचने लगा। सचिव समर विजय सिंह ने बताया कि एलडीए को अधूरे कामों की सूची दी गई थी। इनमें से बहुत से काम अब तक पूरे नहीं हो सके हैं।