लखनऊ। भार वहन क्षमता परीक्षण के लिए पक्का पुल शुक्रवार से 18 दिसंबर तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान पुल पर तय भार क्षमता से डेढ़ गुना ज्यादा लोड डालकर कंपन चेक किया जाएगा। 19 दिसंबर से पुल छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। आईआईटी रुड़की की टीम यह जांच करेगी और 30 दिसंबर तक रिपोर्ट सौंपेगी।
टेक्निकल एक्सपर्ट देवानंद तिवारी ने बताया कि 18 दिसंबर तक पुल पूरी तरह बंद कर इस पर सुबह, दोपहर व शाम को लोड टेस्ट किया जाएगा। इस दौरान इसकी क्षमता से डेढ़ गुना ज्यादा लोड डालकर कंपन चेक किया जाएगा। तीनों बार आए कंपन को नोट कर एक सप्ताह के लिए लैब टेस्ट होगा। जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर 30 दिसंबर तक पीडब्ल्यूडी विभाग को भेजी जाएगी। 19 दिसंबर से रिपोर्ट आने तक पुल पर हल्के वाहन चलाने की अनुमति रहेगी। रिपोर्ट आने के बाद पुल से भारी वाहन गुजारने पर फैसला लिया जाएगा।
पुल को नुकसान पहुंचाए बिना होगी जांच
देवानंद ने बताया कि आईआईटी रुड़की टीम तीन दिन तक पुल की जांच करेगी। इस पूरी जांच को जल शक्ति विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. राजीव कुमार लीड करेंगे। उन्होंने बताया कि पुल को बिना कोई नुकसान पहुंचाए जांच की जाएगी। इसे नॉन डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (डीटीटी) कहते हैं। इस जांच से पता चलेगा कि पुल अभी कितने दिन तक चल सकता है।
बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
डीसीपी रईस अख्तर ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे से 18 दिसंबर को जांच पूरी होने तक पक्का पुल पर आवागमन बंद रहेगा। इसके चलते यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
मडियांव की तरफ से आने वाला ट्रैफिक
- मड़ियाव व सीतापुर रोड से आने वाले भारी वाहन त्रिवेणी नगर डालीगंज फ्लाईओवर पुल के नीचे से पक्का पुल की ओर न जाकर निरालानगर, आईटी चौराहा होकर जा सकेंगे।
- सभी वाहन चालक पक्का पुल खदरा की तरफ से दाहिने मुड़कर नए पक्का से जा सकेंगे।
---------------
चौक-कैसरबाग व मड़ियांव की तरफ
- बस व अन्य भारी वाहन डालीगंज/सुभाष चौक, हनुमान सेतु, आईटी चौराहा होकर मड़ियांव की तरफ जा सकेंगे।
- चौक/डालीगंज की तरफ से कोई वाहन खदरा से सीतापुर रोड पर नहीं जा सकेगा। ये वाहन टीले वाली मस्जिद से बाएं मुड़कर नया पक्का पुल पार कर बाएं मुड़कर बंधा रोड से पुरनिया बंधा रोड तिराहा होकर जा सकेंगे।
-----------
एकल दिशा मार्ग
- पक्का पुल (पुराना) खदरा साइड से नया पक्का पुल बंधा रोड पर एकल दिशा में वाहन जा सकेंगे। नया पक्का पुल बंधा मार्ग से पुराना पक्का पुल की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा।
- पुरनिया बंधा रोड तिराहा से बंधा मार्ग पर कोई वाहन नहीं जा सकेगा। केवल नया पक्का पुल से पुरनिया बंधा रोड तिराहे की तरफ से जा सकेंगे।