रायबरेली। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस को सोमवार को आधे घंटे से ज्यादा देर तक रोका गया। इस ट्रेन को रोककर दो गाड़ियों को आगे दौड़ा दिया गया। इससे पद्मावत के यात्रियों को प्लेटफार्म पर टहलकर समय बिताना पड़ा। दूसरी तरफ लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल भी 20 मिनट तक रोकी गई। कई गाड़ियां पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से पहुंची। यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस सवा घंटे से ज्यादा देर से शहर के रेलवे स्टेशन पर सुबह 7.30 बजे पहुंची, लेकिन इसे रोक लिया गया। रायबरेली से जौनपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को रवाना होने का समय हुआ तो उसे सुबह 7.35 बजे रवाना कर दिया गया।
इसी बीच भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस करीब पौन घंटे विलंब से सुबह 7.45 बजे आ गई, जिसे 7.53 बजे रवाना कर दिया गया। पहले से खड़ी पद्मावत एक्सप्रेस 8.11 बजे रवाना की गई, जिससे ट्रेन की लेटलतीफी बढ़कर पौने दो घंटे से ज्यादा हो गई। इससे यात्रियों में नाराजगी रही। लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल करीब एक घंटे विलंब से पहुंची, जिसे 20 मिनट तक रोका गया। इससे यह गाड़ी सवा घंटे से ज्यादा लेट हो गई।
सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल और देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल एक घंटे देर से आई। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पौन घंटे और शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस के आगे चल रही थी, जिससे पद्मावत एक्सप्रेस को देर तक रोकना पड़ा। लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल इसलिए रोकी गई, क्योंकि इस ट्रेन के साथ अतिरिक्त कोच लगाकर भेजना था। बाकी ट्रेनेंं पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण विलंब से पहुंची।