लखनऊ। लोहिया संस्थान नर्सिंग ग्रेड-2 परीक्षा नौ फरवरी को कराएगा। इसके चलते इस दिन संस्थान के सभी ऑपरेशन थिएटर बंद रहेंगे। सिर्फ इमरजेंसी ओटी चलेगी। ओपीडी में भी सीमित मरीज देखे जाएंगे। संस्थान प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दिन सभी संकाय सदस्यों की ड्यूटी ऑब्जर्वर के रूप में रहेगी। इसके अलावा कई नर्सों ने भी परीक्षा में प्रतिभाग किया है। ऐसे में वह भी अवकाश पर रहेंगी। इसके चलते ओटी का संचालन नहीं हो पाएगा।
लोहिया संस्थान की ओटी में रोजाना 30-40 मेजर-माइनर ऑपरेशन होते हैं। ओपीडी में करीब दो हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। न्यूरो सर्जरी, कैंसर, आर्थो, कार्डियक, जनरल सर्जरी समेत अन्य विभागों की ओपीडी चल रही है। लोहिया संस्थान ने करीब 10 साल बाद स्थायी भर्ती निकाली है। इसमें 568 पदों पर भर्ती होगी। 431 नर्सिंग के पद हैं। इनके लिए 43824 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। देश के 90 सेंटरों में ऑनलाइन परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर संस्थान प्रशासन ने डॉक्टरों की ड्यूटी तय की है। संस्थान में बड़ी संख्या में संविदा पर तैनात नर्सों ने भी आवेदन किया है। लखनऊ समेत दूसरे जिलों व प्रदेश में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें परीक्षा देने के लिए जाना है। ऐसे में संस्थान में नर्सिंग स्टाफ का संकट खड़ा होगा। सीएमएस डॉ. राजन भटनागर ने बताया कि जिन मरीजों को ऑपरेशन के लिए नौ फरवरी की डेट मिली है, उन्हें आगे की तारीख दी जाएगी।
लोहिया : तीन दिन नहीं होगा सीटी स्कैन
लखनऊ। मशीन की खराबी के चलते लोहिया संस्थान के रेडियो डायग्नोसिस विभाग में अब तीन दिन मरीजों का सीटी स्कैन नहीं होगा। जरूरत पर मरीजों को जांच के लिए निजी सेंटर जाना होगा। विभागाध्यक्ष ने इसे लेकर आदेश जारी किया है। अहम बात यह है जिन मरीजों को बृहस्पतिवार को जांच की डेट दी गई थी, वह जांच कराने पहुंचे तो उन्हें निराश लौटना पड़ा। उन्हें अगली तारीख मिलेगी। ऐसे में जांच का लोड भी बढ़ जाएगा।
विभाग में जांच के लिए मरीजों की 10 से 15 दिन की वेटिंग रहती है। रोजाना करीब 40-50 मरीजों की जांच होती है। मशीन में तेज आवाज के साथ कई खामियां सामने आई थीं, जिसकी मरम्मत में समय लगेगा। विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव राज ने बताया है कि अब जांच की सुविधा छह फरवरी से शुरू होगी।