रायबरेली। जगतपुर ब्लॉक के धूता स्थित गोशाला में निरीक्षण के दौरान गोवंशों के मृत मिलने और एक किलोमीटर दूर ईयर टैग बरामद होने के मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएम ने प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों को सीज करने के लिए कारण बताओ नोटिस दिया है। साथ ही डीडीओ को धूता ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने जगतपुर ब्लॉक के धूता स्थित गोशाला का निरीक्षण कई दिन पहले किया था। निरीक्षण के दौरान गोशाला में तीन गोवंश मृत मिले थे। मृत गोवंशों के शवों का निस्तारण समय से न होने के कारण विपरीत स्थिति उत्पन्न हो रही थी। गोशाला से करीब एक किलोमीटर दूर गोवंशों के चार ईयर टैग भी मिले थे। जांच में पता चला कि दो ईयर टैग धूता गोशाला के गोवंशों के थे। दो अन्य की जानकारी अब तक नहीं हो सकी है।
मामले की रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार को डीएम हर्षिता माथुर ने लापरवाही मिलने पर ग्राम पंचायत धूता के प्रधान बलराम यादव को कारण बताओ नोटिस देकर वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएम ने ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र पाल यादव के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जिला विकास अधिकारी को दिए हैं। जिला पंचायतराज अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि डीएम के स्तर से प्रधान को नोटिस दिया गया है। ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ जिला विकास अधिकारी के स्तर से कार्रवाई होगी।