जिला जेल में बंद शाइन सिटी ग्रुप ऑफ कंपनी लि. के निदेशक आसिफ नसीम के प्रकरण मेें शासन ने जांच अधिकारी बदलने के आदेश दिए हैं।
शासन ने डीआईजी परिक्षेत्र शैलेंद्र मैत्रेय से जांच वापस लेने के साथ ही डीजी जेल आनंद कुमार को इसकी जांच किसी दूसरे अधिकारी से कराएं जाने के निर्देश दिए हैं।
यही नहीं, मामले में दूसरा जांच अधिकारी नामित कर शासन को अवगत कराने के भी निर्देश दिए हैं।
जिला कारागार के जेलर समेत पांच जेल अफसरों ने छह नवंबर को प्रमुख सचिव कारागार से शिकायत कर शाइन सिटी मामले में जांच अधिकारी बदलने की मांग की थी।
आरोप है कि शाइन सिटी कंपनी के निदेशक आसिफ नसीम के प्रकरण की जांच कर रहे डीआईजी शैलेंद्र मैत्रेय पांच नवंबर को जेल आए और बंदी के सामने ही तीन बंदियों के बयान लिए, जबकि जेल अफसरों के बयान नहीं लिए गए।
आरोप है कि डीआईजी बंदियों के बयान परिवर्तित कर आरोपी बंदी को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा जेल अफसरों ने डीआईजी पर कई और गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत मिलने पर शासन ने जांच अधिकारी बदलने के साथ ही दूसरे अधिकारी मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही प्रकरण की जांच कर रहा हूं। जांच से हटाए जाने के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। यदि शासन से कोई आदेश जारी हुआ है तो उस पर निर्णय उच्चाधिकारी लेंगे।
- शैलेंद्र मैत्रेय, डीआईजी जेल
शासन से एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें एक प्रकरण की जांच कर रहे डीआईजी शैलेंद्र मैत्रेय को हटाकर दूसरे अधिकारी को जांच अधिकारी बनाए जाने को कहा गया है। शासन के निर्देश के क्रम में जल्द ही समकक्ष अधिकारी को बतौर जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
- आनंद कुमार, डीजी जेल