ऊंचाहार (रायबरेली)। विद्युतीकृत रेल लाइन पर चार घंटे के पावर ब्लॉक के चलते शुक्रवार देर रात से शनिवार को तड़के तक तीन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। बिजली न मिलने के कारण ट्रेनों के पहिये थम गए। इस दौरान यात्रियों को परेशानी हुई।
ऊंचाहार-प्रयाग रेल खंड पर अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच स्लीपर बदलने का काम चल रहा है। काम में विद्युतीकृत रेल लाइन से कोई दुर्घटना न हो जाए, इसीलिए चार घंटे का पावर ब्लॉक लिया गया तो बिजली नहीं मिल सकी। शुक्रवार रात स्लीपर बदलने काम शुरू कराया गया।
इसके लिए ऊंचाहार और परियावां स्टेशनों के बीच रात 11.50 बजे से तड़के 3.55 बजे तक पावर ब्लॉक रहा। एक घंटे 50 मिनट की देरी से ऊंचाहार पहुंची बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस एक घंटे 27 मिनट तक रुकी रही। इससे यह ट्रेन सवा तीन घंटे से ज्यादा लेट हो गई।
रायबरेली-कानपुर स्पेशल (पैसेंजर) एक घंटे 18 मिनट तक ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इसके पहले दरियापुर में भी यह गाड़ी 45 मिनट तक रुकी रही। इससे यह ट्रेन दो घंटे से ज्यादा लेट हो गई। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस परियावां स्टेशन पर एक घंटे 15 मिनट खड़ी रही। अलग-अलग जगह पर ट्रेनों के देर तक रुकने से सफर कर रहे यात्री परेशान हुए, वहीं स्टेशनों पर यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चार घंटे का पावर ब्लॉक लिया गया था, जिससे तीन ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर देर तक रोकी गई।