काकोरी। पारा इलाके में आगरा एक्सप्रेस वे के जीरो पॉइंट के पास सरोसा मोड़ पर शुक्रवार देर रात बेकाबू ट्रेलर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
उन्नाव के हसनगंज निवासी मिथुन के मुताबिक शुक्रवार को उनके साले मनोज रावत (24) गांव निवासी दोस्त प्रीतू रावत के साथ बाइक से काकोरी के नरौना गांव में जन्मदिन समारोह में जा रहे थे। बाइक मनोज चला रहे थे। तभी आगरा एक्सप्रेस वे के जीरो पॉइंट के पास सरोसा मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों उछलकर सड़क पर गिरे तो चालक ने भागने के लिए ट्रेलर की गति बढ़ा दी और मनोज के पैरों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में मनोज का बायां पैर शरीर से अलग हो गया। जबकि प्रीतू के दोनों पैर टूट गए। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां मनोज की मौत हो गई। प्रीतू का इलाज चल रहा है।
मिथुन ने बताया कि दस महीने पहले मनोज की शादी कामिनी से हुई थी। कामिनी छह माह की गर्भवती हैं। पारा इंस्पेक्टर बृजेश वर्मा के मुताबिक मनोज हेलमेट नहीं लगाए थे। चालक को हिरासत में लेकर ट्रेलर कब्जे में लिया गया हे। मृतक मनोज के जीजा मिथुन की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है।