रायबरेली जिला अस्पताल में ब्लड जांच कराने के लिए लगी मरीजों की भीड़।
रायबरेली। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराए गए एक और मरीज ने दम तोड़ दिया। मरीज शहर के महानगर क्षेत्र का रहने वाला था। इसके अलावा बुखार और उल्टी-दस्त की चपेट में आए 24 और गंभीर मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है। ओपीडी में भी जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त से संबंधित ज्यादा मरीज रहे।
गत बृहस्पतिवार की देर शाम उल्टी-दस्त की चपेट में आने के बाद शहर के इंदिरा गार्डेन महानंदपुर निवासी महेंद्र कुमार (65) जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाकर भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आधी रात को मरीज की मौत हो गई। इसके अलावा शुक्रवार को बुखार व डायरिया से ग्रसित अजीत (44), चित्रा (65), शैल (35), अभिषेक (30), मोहित (19), आकाश (11), जानवी (15), निधि (16), नागेंद्र (35), धर्मेंद्र (17) समेत 24 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। सभी को इलाज शुरू किया गया है।
शुक्रवार को भी ओपीडी में सुबह से भीड़ रही। पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइन लग गई। दवा काउंटर के साथ ही पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। उल्टी-दस्त, बुखार, पेट दर्द के अधिक मरीज ओपीडी में चिकित्सीय सलाह लेने के लिए पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में भी ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखने को मिली।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बंदोबस्त हैं। समस्या होने पर इमरजेंसी पहुंचकर मरीज को भर्ती कराएं।