यूपी टीईटी का पर्चा लीक कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य हृदयेश कुमार को एसटीएफ ने शुक्रवार को पॉलीटेक्निक चौराहे के पास गिरफ्तार कर लिया।
हृदयेश ने कुबूला कि 28 नवंबर 2021 में टीईटी परीक्षा का पेपर मोटी रकम लेकर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया था। पुलिस काफी दिनों से आरोपी को तलाश रही थी।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी लालप्रताप सिंह के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी हृदयेश कुमार कौशिक उर्फ निक्की शर्मा झांसी बुखारा का रहने वाला है।
हृदयेश पिछले साल 27 नवंबर को अनुराग के साथ ओरछा गया था। वहां बुंदेलखंड रिवर साइड होटल में दोनों रुके थे।
यहीं शाम को झांसी के मऊरानीपुर निवासी शिक्षामित्र शौकत अली ने टीईटी के पेपर की फोटो कॉपी दी थी। एक कॉपी उसने और एक अनुराग ने अपने पास रख ली थी।
पर्चा लीक होने की खबर फैलते ही एसटीएफ ने कई जगह छापा मार कर अनुराग समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। अनुराग ने हृदयेश का नाम कुबूला था।
इसके बाद हृदयेश पकड़े जाने के डर से भाग निकला था। इस संबंध में गाजीपुर थाने में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए ही लखनऊ आया था। इस बीच एसटीएफ ने आरोपी को पकड़ लिया। मामले में कुछ और आरोपियों की तलाश की जा रही है।