कोहरे का कहर शुरू हो गया है। सोमवार की रात सड़क हादसे में श्रीदत्तगंज ब्लॉक के पास बाइक सवार युवक की मौत हो गई। एक अन्य घायल हो गया। इसके अतिरिक्त हरिहरगंज में ट्रक पलटने से क्लीनर जख्मी हो गया।
सोमवार से शुरू हुआ कोहरे का कहर अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगा है। मंगलवार की सुबह भी कोहरे की चादर में लिपटी रही। कोहरे के कारण मुख्य मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर श्रीदत्तगंज ब्लॉक के निकट गन्ना लेकर जा रही ट्राली ने बाइक को ठोकर मार दी। इसमें बाइक सवार किशन कुमार व अनुरुद्ध निवासी ग्राम महुवा इब्राहिम को ठोकर मार दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने किशुन कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। घायल अनुरुद्ध को संयुक्त हॉस्पिटल बलरामपुर रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि गन्ना लदी ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है।
हरिहरगंजः बहराइच रोड सोसाइटी के पास घने कोहरे के कारण छपरा बिहार से शाहजहांपुर पुवायां धान लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक ड्राइवर अकरम ने बताया की क्लीनर लालाराम के कमर, पैर और चेहरे पर चोट आई है।