सुल्तानपुर/रायबरेली। सुल्तानपुर में सराफा डकैती कांड के मास्टरमाइंड विपिन सिंह को पुलिस ने रविवार को पांच दिन की रिमांड पर ले लिया। इस अवधि में पुलिस उससे जानने का प्रयास करेगी कि लूटा गया सोना उसने कहां पर छिपाया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सुल्तानपुर और अयोध्या जिले के बीच करीब डेढ़ किलो सोना ठिकाने लगाने की बात सामने आई है।
ऐसे में विपिन की दी हुई जानकारी के आधार पर पुलिस उसे दोनों जिलों के बाॅर्डर पर ले जाकर लूटे गए सोने की खोजबीन मेंं जुटी है। सुल्तानपुर शहर चौक के ठठेरीबाजार में 28 अगस्त को सर्राफ भरतजी सोनी की दुकान में डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा तो कर दिया है, लेकिन लूटा गया सोना बरामद नहीं हो पाया है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में सोना पता लगाने के लिए सुल्तानपुर पुलिस की अर्जी पर कोर्ट ने विपिन को रिमांड पर लेने के निर्देश दिए थे।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भवानीनगर निवासी विपिन सिंह इस डकैती का मास्टरमाइंड है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले गैंगस्टर अधिनियम के एक मामले में रायबरेली की दीवानी कचहरी स्थित गैंगस्टर कोर्ट में हाजिर हो गया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे सुल्तानपुर के विवेचक एवं सदर कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी की अगुवाई में दो पुलिस टीमें और अयोध्या जिले के एसओजी प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में एक टीम रायबरेली जिला कारागार पहुंचीं।
करीब 10:30 बजे विपिन को लेकर पुलिस टीमें यहां से निकल गईं। सूत्रों की मानें तो पुलिस टीमें विपिन को सुल्तानपुर और अयोध्या जिले के बाॅर्डर पर लेकर निकलीं। वजह शुरुआती जांच में विपिन ने दोनों जिले के बाॅर्डर पर ही डेढ़ किलो सोना छिपाने की जानकारी दी है। विपिन बृहस्पतिवार तक पुलिस रिमांड पर रहेगा। जिला कारागार के जेलर हिमांशू रौतेला ने बताया कि पांच दिन की रिमांड पर विपिन को पुलिस ले गई है। कोर्ट का आदेश मिलने पर विपिन को रिमांड पर भेजा गया है।
कानपुर भी जाएगी पुलिस, नेपाल तक होती है सोना तस्करी
वैसे तो विपिन ने सुल्तानपुर और अयोध्या के बाॅर्डर पर सोना छिपाने की जानकारी दी है, लेकिन एक पुलिस टीम कानपुर भी पड़ताल करने जाएगी। सूत्र बताते हैं कि कानपुर बड़ी सराफा मंडी है, जहां पर नेपाल तक सोना की तस्करी की जाती है। यहां पर लूट कर लाया गया सोना लुटेरे आसानी से बिक्री कर देते हैं। बिक्री के बाद सराफा से जुड़े लोग सोना को नेपाल पहुंचाने का काम करते हैं। पुलिस को शक है कि कहीं लूटा गया सोना कानपुर मंडी तक तो नहीं पहुंचाया गया। यदि कानपुर तक सोना पहुंचाया गया तो विपिन के अलावा इन सबके पीछे और कौन-कौन लोग हैं, इस बारे में भी पुलिस वहां पर जाकर पड़ताल करेगी।
विपिन की टीम का गुर्गा था मंगेश यादव
सराफ डकैती कांड में शामिल एक लाख का इनामी मंगेश यादव पांच सितंबर को जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। मंगेश यादव विपिन गिरोह का गुर्गा था। मंगेश को मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद पुलिस विपिन के अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है, ताकि गिरोह में शामिल बदमाशों का पूरी तरह से सफाया किया जा सके।
परिजनों से पूछताछ के साथ संपत्ति की होगी जांच
पुलिस जल्द डकैती कांड के मास्टरमाइंड विपिन सिंह के परिजनों से भी पूछताछ करेगी। पुलिस जानने का प्रयास करेगी कि डकैती कांड के बाद वह घर आया था या नहीं। यदि घर आया था तो उसने सोने-चांदी तो उपलब्ध नहीं कराए थे। साथ ही पुलिस अपराध के जरिए विपिन द्वारा अर्जित की गई संपत्ति की जांच भी करेगी। इसकी गोपनीय तरीके से पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।
राजनीति में भी पैर जमाना चाहता था विपिन
यूपी से लेकर गुजरात तक आतंक फैला रखने वाला विपिन राजनीति में भी अपने पैर जमाना चाह रहा था, लेकिन जनता ने उसका साथ नहीं दिया था। पिछली दफा हुए पंचायत चुनाव में विपिन ने अपनी मां को तिलोई वार्ड नंबर 15 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ाया था, लेकिन वह अपनी मां को चुनाव जिता नहीं पाया था। सराफ डकैती कांड में विपिन का नाम सामने आने पर उसके गांव भवानी नगर के लोग भी दहशत में हैं।