एलपीजी कनेक्शन पाने के लिए अब लोगों को एजेंसियों की मनमानी नहीं झेलनी पड़ेगी। सप्लाई से जुड़ी तेल कंपनियों ने नए कनेक्शनों से जुड़े सभी आवेदनों का डाटा बना कर इसकी साप्ताहिक स्टेटस रिपोर्ट हर सप्ताह एजेंसी डीलरों को देेना अनिवार्य कर दिया है। एजेंसी स्तर से इस रिपोर्ट में आवेदक का नाम, उसकी केवाईसी, फॉर्म रिपोर्ट, आवास और आवास संबंधी पहचान के प्रमाण सहित अन्य जरूरी सूचनाएं दर्ज होंगी।
तेल कंपनियां आवेदक की स्टेट्स रिपोर्ट के आधार पर कनेक्शन के लिए सब्सिडीयुक्त सिलिंडर के साथ रेग्युलेटर की व्यवस्था तय मियाद में संबंधित एजेंसी उपलब्ध कराएंगी। आवेदक को तय मियाद में नया एलपीजी कनेक्शन जारी होने या न हो पाने की निगरानी अब सीधे कंपनी स्तर पर तैनात विपणन अधिकारी करेंगे।
आईओसीएल की ईडेन कंपनी से ज़ुड़े एक वरिष्ठ मार्केटिंग अधिकारी ने बताया कि गैस कनेक्शन देने में वितरक एजेंसियों की मनमानी की शिकायतों को तीनों तेल कंपनियों के राज्य समन्वयक ने गंभीरता से लिया है। ऐसे में लंबित आवेदनों के निस्तारण में बिना कारण लेटलतीफी पर डीलरों की जिम्मेदारी तय कर सीधी कार्रवाई भी होगी।
तेल कंपनियां नया गैस कनेक्शन जारी किए जाने की सूचना सीधे आवेदक के लिंकअप मोबाइल पर अलर्ट एसएमएस के माध्यम से जारी करेंगी। साथ ही रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से भी आवेदक के पते पर भी नए कनेक्शन की सूचना दी जाएगी। गैस एजेंसी पर पहुंचने की तिथि व समय की जानकारी भी पहले से ही मिलेगी। इससे आवेदक को गैस कनेक्शन के साथ रेग्युलेटर, गैस ट्यूब, चूल्हा व सिलिंडर आसानी से मुहैया कराए जाएंगै।