लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति दर्ज कराने का एक और मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और उनमें आवंटित विद्यालयों के विद्यार्थियों की सूची 16 नवंबर को अपनी वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दी है। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सूची में किसी तरह की गड़बड़ी या आपत्ति होने पर साक्ष्यों के साथ 21 नवंबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन किया जा सकेगा। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद यह सूची जारी की गई है। इसमें लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और उन्नाव जिले के प्रस्तावित परीक्षा केंद्र शामिल हैं।