नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के नतीजे कल
लखनऊ। बीएससी नर्सिंग में प्रवेश का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी 13 जून यानी शनिवार को कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट)-2026 का परिणाम घोषित करेगी। परिणाम जारी होते ही ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। साथ ही मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन कर सकेंगे। सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की करीब 14 हजार सीटों पर प्रवेश इसी परीक्षा के माध्यम से होगा। कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि परीक्षा के एक सप्ताह के भीतर परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा गया था। इसी क्रम में 13 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थी परिणाम, मेरिट सूची, उत्तर कुंजी और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट abvmuup.edu.in पर देख सकते हैं। काउंसलिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी।