ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना में 210 मेगावाट बिजली उत्पादन करने वाली यूनिट नंबर एक में बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई। इससे बिजली उत्पादन ठप हो गया है। अधिकारी मरम्मत के बाद फिर से उत्पादन शुरू करने की बात कह रहे हैं।
परियोजना में 210-210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता की पांच यूनिटें स्थापित हैं, जबकि छठवीं यूनिट से 500 मेगावाट बिजली उत्पादन होता है। बीते बृहस्पतिवार को परियोजना की पांचवीं यूनिट को मरम्मत के लिए बंद किया गया था, जिससे 210 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया था। अब एक और यूनिट बंद होने से 420 मेगावाट बिजली कम बन पा रही है।
सूत्रों की माने तो बिजली की मांग बढ़ने पर बुधवार शाम परियोजना की यूनिट नंबर एक पर बिजली उत्पादन का भार बढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान उसमें खराबी आ गई और यूनिट बंद हो गई। इस समय यूनिट नंबर दो, तीन, चार व छह से 1130 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा है। परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते यूनिट बंद की गई है। मरम्मत के बाद देर रात बिजली उत्पादन शुरू हो जाने की उम्मीद है।