लखनऊ। लखनऊ बार के वार्षिक चुनाव कराने में वित्तीय अनियमितता के आरोपों को लेकर एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रहे राम शरण द्विवेदी को 15 दिन के भीतर खर्च की गई राशि का हिसाब देने का नोटिस कार्यकारिणी ने दिया है। साथ ही उन्हें 15 दिन के लिए बार की सदस्यता से निलंबित भी कर दिया है।
बार के संयुक्त सचिव लक्ष्मी नारायण मिश्र ने बताया कि सोमवार को लखनऊ बार की कार्यकारिणी की बैठक सुरेश पांडेय की अध्यक्षता में और कुलदीप नारायण मिश्र के संचालन में की गई।
इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लखनऊ बार के चुनाव संपन्न होने के बाद एल्डर्स कमेटी के पूर्व चेयरमैन रामशरण द्विवेदी से कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से चुनाव में आय-व्यय से संबंधित राशि का हिसाब का विवरण उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, लेकिन पूर्व चेयरमैन ने लापरवाही बरती है।
गंभीर वित्तीय अनियमितता और गंभीर कदाचार का आरोप लगाकर कहा गया कि रामशरण द्विवेदी वर्तमान में एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन नहीं है। इसके बावजूद वह अपने आप को चेयरमैन प्रदर्शित कर रहे हैं। कार्यकारिणी ने प्रस्ताव पारित कर कहा कि चुनाव से संबंधित आय-व्यय का ब्यौरा देने तक रामशरण द्विवेदी को लखनऊ बार की सदस्यता से निलंबित किया जाता है। 15 दिन में ब्यौरा नहीं देते हैं तो कठोर अनुशासनात्मक और विधिक कार्रवाई की जाएगी।