लखनऊ। राजधानी में पछुआ के जोर से पारा गिरना शुरू हो गया है। इसके असर से ठंड बढ़ने लगी है। बीते दो दिनों में यहां रात के पारे में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को लखनऊ में दिन में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली ठंडी पछुआ हवाएं चलीं। दिन में गुनगुनी धूप रही लेकिन सुबह-शाम अब ठंड चुभने लगी है और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में ठंडी पछुआ हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहते हुए 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 12.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा।