लखनऊ। आशियाना के देवीखेड़ा इलाके में मंगलवार रात 11 बजे एक नवजात शिशु झाड़ियों में पड़ा मिला। इंस्पेक्टर आशियाना ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि देवीखेड़ा मोड़ के पास मैदान के बगल झाड़ियों में एक नवजात शिशु के पड़े होने की सूचना मिली थी। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो बच्चा कपड़े में लपेटा हुआ था और रो रहा था। उसकी उम्र करीब तीन से चार माह के बीच में है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम भी पहुंच गई। चाइल्ड लाइन संरक्षण अधिकारी सूर्यकांत ने बताया कि बच्चे का इलाज चल रहा है। ठीक होने पर उसे चाइल्ड लाइन में रखा जाएगा। (संवाद)