रायबरेली। रविवार रात जैसे ही 12 बजे बजे, हर तरफ हैप्पी न्यू ईयर की गूंज सुनाई पड़ने लगी। बच्चे से लेकर बड़े तक एक-दूसरे को नए साल की बधाई देने लगे। कहीं केक काटकर तो कहीं नाच गाकर 2024 का स्वागत किया गया। फिल्मी गानों की धुन पर बच्चे ही नहीं, बड़े भी थिरक उठे। खूब धूमधड़ाके के बीच जश्न देर रात तक चलता रहा।
इस दौरान युवाओं ने आतिशबाजी भी की। होटल व रेस्तरां भी खुले रहे। यहां पर भी खूब रौनक दिखी। इससे पहले पूरे दिन युवाओं के जत्थे बाजार में नए साल पर तोहफे भेंट करने की तैयारियों के लिए खरीदारी करते नजर आए। फूल व गिफ्ट की दुकानें भी गुलजार रहीं। डायरियों की दुकानों पर भी भीड़ दिखी।
नए साल का स्वागत करने के लिए युवा वर्ग खासा उत्साहित रहा। देर रात तक शहर से लेकर कस्बों तक में होटल, रेस्तरां में पार्टी का दौर चलता रहा।
बिनोहरा में श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू
नए साल के उपलक्ष्य पर राही ब्लॉक क्षेत्र के बिनोहरा गांंव में रविवार को श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू हुआ। भक्तों ने रामचरितमानस का पाठ करते हुए जयश्रीराम के नारे लगाए। आयोजक राजेश गुप्ता ने बताया कि नए साल पर सभी के घर खुशहाली आए, इसी को लेकर श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू कराया गया है। सोमवार को श्रीरामचरितमानस पाठ का समापन होने के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।
अराजकतत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
नए साल के मौके पर इंदिरा गांधी उद्यान, शहीद स्मारक, जिला उद्यान विभाग स्थित पर्यावरणीय पार्क के अलावा मॉल, होटल व रेस्टोरेंट के पास पुलिस, पीआरवी की तैनाती होगी। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पार्कों में एंटी रोमियो स्क्वायड व सादे कपड़ों में तैनात महिला पुलिसकर्मी मनचलों पर नजर रखेंंगी। नव वर्ष पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर विशेष नजर रखेगी। सभी सीओ व थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।