लखनऊ। छावनी में सोमनाथ द्वार के सामने कटाई वाले पुल के पास बन रहा नया रेलवे पुल अगले माह शुरू हो जाएगा। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन तेजी से पुल का काम पूरा करा रहा है।
बता दें कि चारबाग रेलवे स्टेशन से दिलकुशा तक फोरलेन आउटर का काम चल रहा है। इसके रास्ते में सोमनाथ द्वार के पास कटाई वाले पुल की चौड़ाई आड़े आ रही थी। ऐसे में रेलवे प्रशासन कटाई वाले पुल के पास नया रेलवे ब्रिज बना रहा है। इसके बन जाने के बाद कटाई वाले पुल को तोड़कर उसे चौड़ा किया जाएगा। नए ओवरब्रिज का 80 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि सोमनाथ द्वार के सामने बना कटाई पुल वर्ष 1872 से सदर, अर्जुनगंज आदि इलाके को हजरतगंज से जोड़ता रहा है। इधर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने फोरलेन आउटर का प्लान बनाया और नई लाइनें बिछाने का काम शुरू किया। कटाई पुल की वजह से लाइन बिछाने के लिए जगह कम थी। इसलिए रेलवे प्रशासन ने इसके करीब नया पुल बनाने की योजना बनाई, ताकि ट्रैफिक बाधित न हो। इस पुल के बन जाने पर कटाई पुल से रोजाना गुजरने वाले करीब 30 हजार लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होगी। बाद में कटाई वाले पुल की भी मरम्मत आसानी से हो सकेगी। उत्तर रेलवे के डीआरएम एस के सपरा ने बताया कि अगले महीने से नया पुल शुरू हो जाएगा।