लखनऊ। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद राजधानी में भी टॉप टेन अपराधियों की सूची अपग्रेड की जा रही है। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि सभी थानेदारों से उनके क्षेत्र के टॉप टेन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर का ब्यौरा लेकर नई सूची तैयार की गई है। सूची में शामिल कुछ सक्रिय अपराधियों पर इनाम बढ़वाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि थानों में टॉप टेन अपराधियों के अलावा हिस्ट्रीशीटर और सफेदपोश व राजनीति से जुड़े अपराधियों के बारे में जानकारी मांगी गई है। राजनीति और अपराध से जुड़े व्यक्तियों पर पुलिस की खास नजर है। ऐसे सभी व्यक्तियों के नाम-पते, परिवार, संपत्तियों और काम-धंधों की जानकारी, करीबियों का ब्यौरा और शासन-प्रशासन तथा राजनीतिक संबंधों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल जो जानकारियां मिली हैं, उससे टॉप टेन की सूची को अपग्रेड करके एक नई सूची तैयार की गई है।
टिंकू कपाला है मोस्ट वांटेड अपराधी
इस सूची में सबसे बड़ा बदमाश टिंकू कपाला बताया जा रहा है जिस पर एक लाख रुपये का इनाम है। 50-50 हजार रुपये और 25-25 हजार रुपये के दो-दो इनामी हैं। शेष 2500 रुपये के इनामी बदमाश रखे गए हैं। पुलिस आयुक्त का कहना है कि टॉप टेन सूची व थानों स्तर के बड़े-छोटे बदमाशों के खिलाफ सख्त अभियान की रूपरेखा बनाई है। जल्द अपराधियों पर सख्ती नजर आएगी। विकास दुबे के मामले की जानकारी ली पुलिस आयुक्त ने मंगलवार शाम कृष्णानगर के एसीपी दीपक कुमार सिंह और इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम को बुलाकर कुख्यात विकास दुबे को लेकर चल रही कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वर्ष 2017 में एसटीएफ की तरफ से दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे के बाबत भी सवाल किए।