लखनऊ। संगीत नाटक अकादमी परिसर में चल रहे कथक केंद्र का नया शैक्षणिक सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते नृत्य से जुड़े छात्र-छात्राओं की क्लासेज ऑनलाइन चलेगी। कथक केंद्र के निदेशक तरुण राज ने मंगलवार को बताया कि नए सत्र के लिए अभी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। नया सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। इस बार कोरोना के चलते सामूहिक कक्षाएं लेना संभव नहीं है, इसलिए पहली बार हम ऑनलाइन क्लास शुरू करने जा रहे हैं। दोपहर एक बजे से शाम 6 बजे के बीच सात क्लासेज चलेगी, जिसमें कथक शिक्षिकाएं नीता जोशी, सृष्टि शर्मा और अंशिमा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देंगी। यहां पिछले सत्र के लगभग 180 कथक छात्र (तीनों वर्ग प्रारंभिक वर्ग, जूनियर डिप्लोमा, सीनियर डिप्लोमा (सभी की प्रशिक्षण अवधि तीन साल) और एक वर्ष कोर्स) अध्ययनरत हैं। नए सत्र में रेग्युलर छात्रों के अलावा 100 और छात्र जुड़ने की उम्मीद है। किस वर्ग के छात्रों की कक्षाएं, किस समय होगी इसकी समयसारणी पर काम चल रहा है।