रायबरेली। प्रतापगढ़ जिले में चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण के कारण ट्रेनों का संचालन पटरी से उतरा हुआ है। पांच जोड़ी ट्रेनें रद्द हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
लखनऊ-वाराणसी रेल लाइन पर अंतू, जगेशरगंज, चिलबिला, प्रतापगढ़ में दोहरीकरण के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इससे कई ट्रेनें बदले रूट से चल रही हैं।
बुधवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस सवा दो घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज संगम जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पौने पांच घंटे व सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस एक घंटे देर से आई। इससे यात्री परेशान हुए।
वहीं ट्रैक दोहरीकरण के कारण हावड़ा और अमृतसर के बीच चलने वाली पंजाब मेल का रूट डायवर्जन किया गया है। यह गाड़ी अमेठी-प्रतापगढ़ के बजाए फाफामऊ-ऊंचाहार के रास्ते चलाई जा रही है। बुधवार को अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल सवा दो घंटे देर से आई। यह गाड़ी मंगलवार को भी सवा दस घंटे की देरी से रायबरेली पहुंची थी।
इस गाड़ी के रायबरेली पहुंचने का समय दोपहर 1.20 बजे है, जबकि यह गाड़ी मंगलवार देर रात 11.32 बजे आई। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि विलंब से आने वाली गाड़ियां पिछले स्टेशनों से ही देरी से आ रही हैं। प्रतापगढ़ में चल रहे काम की वजह से प्रभावित गाड़ियां 4 मार्च से पटरी पर लौट आएंगी।
ट्रेन में बेहोश हुए यात्री को पहुंचाया अस्पताल
दिल्ली से पुरी जा रही नीलांचल एक्सप्रेस में लखनऊ के आलमबाग निवासी किशन कुमार (48) बेहोश हो गया। इसीलिए लखनऊ नहीं उतर सका। उसे अचेत अवस्था में रायबरेली उतारा गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि कंट्रोल से सूचना मिलते ही रायबरेली आरपीएफ को सतर्क किया गया। यात्री को रायबरेली स्टेशन पर उतारने के लिए नीलांचल को करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा।