लखनऊ। तीसरी नेशनल कोबुडो मार्शल आर्ट चैंपियनशिप का आयोजन रविवार को गोमतीनगर स्थित मॉडर्न एकेडमी स्थित एसएनआई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में किया जाएगा। सब जूनियर, जूनियर, कैडेट और सीनियर में होने वाली प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, आसाम, छत्तीसगढ़, बिहार की टीमों से 250 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। ये खिलाड़ी 40 वर्गों की स्पर्धाओं में दांव पर लगे 40 स्वर्ण, 40 रजत व 80 कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। चैंपियनशिप के मुकाबलों की शुरुआत सुबह 10 बजे से हो जाएगी। चैंपियनशिप की पूर्व संध्या पर आज कोबुडो मार्शल आर्ट के रेफरियों के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों को स्पर्धाओं के नए नियमों की जानकारी दी गई।