गोंडा। करनैलगंज के सरयू पुल में रिपेयरिंग का काम होने से रोडवेज की बसों के रूट बदल दिए गए हैं। अब बसों को पहले से 45 किलोमीटर अधिक की दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे लखनऊ जाने व आने वालों का समय तो बर्बाद हो ही रहा है। इसके साथ परिवहन निगम ने किराया भी बढ़ा दिया है। बढ़ा किराया यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है।परिवहन निगम की बसें पहले ढाई घंटे में यात्रियों को लखनऊ पहुंचाती थीं। मगर सरयू पुल पर रिपेयरिंग का काम चलने से रास्ता बंद कर दिया गया। जिससे बसों के रूट में भी बदलाव कर दिया गया है। परिवहन निगम ने लखनऊ के लिए अलग-अलग दो रूट निर्धारित किए हैं। रोडवेज की बसें अब गोंडा से लखनऊ की दूरी साढ़े तीन घंटे में तय करेंगी। रूट में बदलाव से रोडवेज ने बसों का किराया भी बढ़ा दिया है। इससे यात्रियों को पहले की अपेक्षा अब कई गुना अधिक किराया देना पड़ रहा है।
रोडवेज ने निर्धारित किया रूट
करनैलगंज- हुजूरपुर, कैसरगंज- जरवल-कैसरबाग
करनैलगंज-परसपुर-भौरीगंज-बरगदी-कैसरबाग
साधारण बसों में 1 रुपये पांच पैसे तो एसी बसों में एक रुपये 57 पैसे प्रति किलोमीटर है किराया
- परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का किराया प्रति किलोमीटर दूरी के हिसाब से तय कर रखा है। इसमें साधारण बसों व एसी बसों का किराया अलग-अलग निर्धारित है। साधारण बसों में यात्रा करने वाले लोगों को एक रुपये पांच पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया देना होता है। इसके साथ ही एसी बसों से गंतव्य तक आने-जाने वालों को एक रुपये 57 पैसे प्रति किलोमीटर किराया चुकाना पड़ता है। मगर अब इसकी दूरी 45 किलोमीटर बढ़ गई है। जिससे साधारण बसों का लखनऊ के कैसरबाग का किराया पहले 145 रुपये था। अब बढ़ाकर 194 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह एसी बसों के किराए में भी बढ़ोत्तरी की गई है।
बसों के रूट में परिवर्तन
करनैलगंज के सरयू पुल पर रिपेयरिंग का काम चलने से बसों के रूट में परिवर्तन किया गया है। जिससे लखनऊ की दूरी अब बसें 45 किलोमीटर अधिक चलकर तय करेंगी। इसी वजह से बसों के किराए में बढ़ोत्तरी की गई है।- -कपिलदेव सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक