लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को जोन-तीन के फैजुुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचकर बचाव और राहत कार्यों का हाल जाना। जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, नाव की उपलब्धता, फॉगिंग और एंटी लार्वा के छिड़काव की जानकारी ली। अभियंत्रण विभाग ने बताया कि पंपसेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है। ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रकाश और आवाजाही के लिए नाव की व्यवस्था भी की गई है। प्रभावित लोगों के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, पलटन छावनी, उमराव हाता और दाउदनगर स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में रैन बसेरों की व्यवस्था की जा रही है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्यों में लापरवाही न करने की हिदायत दी।