भाषा विवि और बिसलेरी के बीच प्लास्टिक प्रबंधन के लिए एमओयू
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय और बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक एमओयू साइन हुआ है। यह समझौता बॉटल्स फॉर चेंज कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देगा। विवि के कुलपति प्रो. अजय तनेजा की अध्यक्षता में हुए इस एमओयू का उद्देश्य सतत विकास और जन जागरूकता बढ़ाना है। विवि की ओर से कुलसचिव विकास कुमार और बिसलेरी इंटरनेशनल की ओर से रीजनल मैनेजर (सीएसआर) नॉर्थ विद्या भूषण सिंह ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के समन्वयक रुचिता सुजय चौधरी और आदर्श सिंह ने बताया कि बॉटल्स फॉर चेंज कार्यक्रम के तहत उपयोग किए गए प्लास्टिक का संग्रहण होगा। इसे अधिकृत रीसाइक्लिंग इकाइयों तक पहुंचाया जाएगा। पुनर्चक्रित प्लास्टिक से उपयोगी उत्पाद जैसे बैग और जूते बनेंगे। नियमित संग्रहण अभियानों से विश्वविद्यालय को जीरो-वेस्ट कैंपस बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को पर्यावरणीय अभियानों में इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे।