लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। इस दौरान विकसित भारत के लिए शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता पर चर्चा हुई। समापन सत्र की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। उन्होंने युवाओं को रोजगार सृजित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। विकसित भारत के लिए सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक क्षेत्रों में संतुलित विकास आवश्यक है। मुख्य अतिथि डॉ. टी. दामोदरन ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने और जैव ईंधन के उपयोग पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि अनूप थालाचल ने युवाओं को विनम्र, दूरदर्शी बनने और धैर्यपूर्वक सुनने की कला का महत्व समझाया। उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।