बख्शी का तालाब। सीतापुर हाईवे पार कर रही महिला व उसके दो साल के मासूम बेटे को शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी। दोनों उछलकर सिर के बल गिरे और अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई, जबकि बुलेट सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बाराबंकी के फतेहपुर निवासी दूध कारोबारी इमरान की पत्नी नसीम (35) की बहन बीकेटी के नंदना नई बस्ती में रहती हैं। शुक्रवार शाम सात बजे नसीम दो वर्षीय बेटे फैजान को लेकर बहनोई वाहिद अली के साथ उनके घर जा रही थीं। सीतापुर हाईवे पार करते हुए नंदना मोड़ के पास सिधौली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बुलेट सवार युवक ने नसीम और फैजान को टक्कर मार दी। इससे नसीम व फैजान उछलकर सिर के बल गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुलेट सवार सिधौली के नरहरपुर निवासी रोहित (32) भी घायल हो गए। हेलमेट नहीं पहने होने के चलते रोहित के सिर में गंभीर चोट आई है।
हादसे के बाद वहां भीड़ लग गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से रामसागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मासूम फैजान को मृत घोषित कर दिया। घायल नसीम और रोहित को ट्राॅमा सेंटर भेज दिया गया। रास्ते में नसीम ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। वहीं, ट्राॅमा सेंटर में रोहित का इलाज चल रहा है। उनकी हालत भी गंभीर बताई गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त बुलेट सवार की रफ्तार बहुत तेज थी। मां नसीम की अंगुली पकड़े फैजान के साथ ही रिश्तेदार वाहिद अली भी सड़क पार कर रहे थे। हादसे में मां-बेटे की जान चली गई जबकि वाहिद महज दो-चार कदम आगे होने के चलते बाल-बाल बच गए। बीकेटी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।