लखनऊ। राजभवन में लगी तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, पुष्प और शाकभाजी प्रदर्शनी चौथे दिन सोमवार को भी लगी रही। इसे देखने के लिए दोपहर बाद तक दर्शकों की आवाजाही लगी रही। मालूम हो कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन रविवार को ही हो गया था, लेकिन राज्यपाल ने इसे एक दिन के लिए और बढ़ा दिया था, जिससे सोमवार को भी राजभवन में प्रदर्शनी और स्टॉल लगे रहे। हालांकि, बहुत से स्टॉल संचालक दोपहर तक चले भी गए, लेकिन लोगों की आमद जारी रही। चार दिनों में एक लाख से ज्यादा दर्शक प्रदर्शनी देखने पहुंचे और यहां फूलों की खूबसूरती के साथ फलों व शाकभाजी की वैरायटी का भी अवलोकन किया। मालूम हो कि प्रदर्शनी में पहले दिन जहां 8500 दर्शक, दूसरे दिन 26,000 और तीसरे दिन रविवार को सबसे ज्यादा 45,000 से अधिक लोग प्रदर्शनी देखने राजभवन पहुंचे थे।