लखनऊ। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को फिर अलग-अलग इलाकों में सड़क की पटरी से अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान करीब 100 कब्जे हटाए गए और गंदगी व प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर करीब 50 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। जोन तीन की टीम ने पक्कापुल से डालीगंज रेलवे क्राॅसिंग तक अभियान चलाया। जोन चार की टीम ने गोमतीनगर विराट खंड एक व आसपास इलाके में, जोन आठ की टीम ने अवध चौराहे से लोकबंधु अस्पताल होते बेहसा मोड़ तक सड़क पटरी से कब्जे हटाए। जोन दो की टीम ने ऐशबाग सहित कई इलाकों में गंदगी और प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर अभियान चलाया और जुर्माना वसूला।