मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को अक्षम्य बताते हुए कहा है कि इसके लिए कांग्रेस शासित पंजाब सरकार को देश से माफी मांगनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि पीएम की सुरक्षा के साथ पंजाब सरकार ने खिलवाड़ किया है। सीएम योगी ने ट्वीट करके कहा कि प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा के साथ जो खिलवाड़ पंजाब सरकार के संरक्षण में आज हुआ है वह पंजाब में व्याप्त अराजकता और दुर्व्यवस्था का एक जीता जागता उदाहरण है। कांग्रेस सदैव से ही देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं की अवमानना करती रही है और आज इसका उदाहरण एक बार फिर से देश ने देखा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ आज हुई गंभीर चूक अक्षम्य है औरयह पंजाब सरकार तथा कांग्रेस की एक दुरभि संधि को प्रदर्शित करता है। देश के संवैधानिक प्रमुख, देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ किए गए खिलवाड़ के लिए कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। अपना देश कभी भी इस प्रकार की कांग्रेस की साजिशों को सफल नहीं होने देगा।