लखनऊ। महानगर स्थित पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में एक महिला सिपाही से अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अफसरों ने आरोपी हेडकांस्टेबल मो. जावेद को लाइन हाजिर कर जांच कमेटी का गठन किया है।
घटना रक्षाबंधन के दिन की है। महिला सिपाही का बाराबंकी से लखनऊ स्थानांतरण हुआ है। वह अपनी तैनाती की जानकारी लेने पुलिस कमिश्नर के दफ्तर आई थी।
कमरा नंबर-57 में रक्षाबंधन की वजह से कम लोग मौजूद थे। आरोप है कि कमरे में मौजूद हेडकांस्टेबल से उसने अपनी तैनाती की बात कही। आरोप है कि हेडकांस्टेबल ने अभद्रता की।
पीड़िता चुपचाप लौट गई और दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में मौजूद अधिकारियों से लिखित शिकायत की।
छानबीन में पता चला कि महिला सिपाही के साथ अभद्रता हेडकांस्टेबल मो. जावेद ने की थी, उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है। डीसीपी मध्य अर्पणा रजत कौशिक ने बताया कि प्रकरण की पूरी जांच के लिए विशाखा कमेटी की गाइडलाइन के तहत कमेटी का गठन किया गया है।