आवासीय में कॉमर्शियल उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करने निकली एलडीए की टीम शुक्रवार को मुश्किल में पड़ गई। लखनऊ में हुसड़िया चौराहे के पास एक भवन में चल रहा पैथोलॉजी सेंटर बंद कराते समय टीम के साथ अभद्रता की गई। विरोध के चलते टीम को निर्माण सील करने में तीन घंटे लग गए।
वीसी प्रभु एन सिंह के आदेश पर एलडीए टीम को हुसड़िया चौराहे के पास विनीतखंड में 1/4 भूखंड पर बने भवन में चल रहा पैथोलॉजी सेंटर बंद कराना था। एलडीए ने इस भवन को सील करने के लिए बीती नौ फरवरी को आदेश दिए थे। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर इसे सील करने के लिए 23 मार्च को दोबारा आदेश हुआ।
एलडीए के प्रवर्तन विभाग का कहना है कि सीलिंग के आदेश के बाद भी भवन में एक अप्रैल से पैथोलॉजी सेंटर शुरू कर दिया गया। शुक्रवार को टीम भवन सील करने पहुंची तो पैथोलॉजी सेंटर में जांच के नमूने होने की बात कर विरोध शुरू कर दिया गया। स्टाफ के अलावा कुछ बाहरी लोग भी आ गए।
टीम को धमकी देते हुए अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद टीम ने नमूना हटाने के लिए कहा, लेकिन लोग कार्रवाई रोकने के लिए अड़े रहे। विरोध के चलते करीब दो बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम पांच बजे पूरी हो सकी। तीन दिन से चल रहे अभियान में आवासीय में कॉमर्शियल उपयोग पर एलडीए ने अब तक पांच भवन सील किए हैं।