लखनऊ। गुडंबा इलाके में मिट्टी खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्राॅली अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई।
इंदिरानगर के रसूलपुर सादात के रहने वाले रोहित (20) परशुराम की ट्रैक्टर-ट्राॅली चलाते थे। उनके भाई दीपक ने बताया एक ठेकेदार कुछ समय से रसूलपुर में मिट्टी का खनन करा रहा था। रविवार तड़के करीब तीन बजे रोहित ट्रैक्टर-ट्राॅली से खनन की मिट्टी लेकर जा रहे थे। रजौली में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्राॅली करीब पांच फुट गहरे गड्ढे में पलट गई। रोहित ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने जेसीबी से उन्हें निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। घायल रोहित को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक रोहित पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी मौत से पिता राकेश और मां दुबरा देवी समेत परिवार के अन्य लोग रो-रोकर बेहाल हैं।