- छात्रा के पिता ने दर्ज कराया केस, पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो अस्पताल में भर्ती मिला आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। वजीरगंज इलाके की कक्षा सात की छात्रा ने एक किशोर की प्रताड़ता से तंग आकर जहर खाकर जान दे दी। मामले में पीड़िता के पिता ने आरोपी किशोर पर बेटी को प्रेम जाल में फंसाने व फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। इधर, आरोपी किशोर ने भी मंगलवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक सिटी स्टेशन इलाके में रहने वाले ई-रिक्शा चालक की 14 साल की बेटी एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी। सोमवार को बेटी ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर के बाद उसकी मौत हो गई। वजीरगंज पुलिस ने मंगलवार को छानबीन के बाद किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका तो डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया। छात्रा के पिता ने एक किशोर पर बेटी को प्यार के जाल में फंसाकर फोटो व वीडियो हासिल करने व इसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। यह भी आशंका जताई कि आरोपी ने बेटी का शारीरिक शोषण भी किया। इसी से परेशान होकर बेटी ने खुदकुशी कर ली। डीसीपी पश्चिम राहुल राज ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर वजीरगंज मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी की उम्र 17 साल है। जांच के दौरान ही पता चला कि मंगलवार शाम आरोपी किशोर ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया और वह बलरामपुर अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद पुलिस की एक टीम बलरामपुर अस्पताल पहुंची तो किशोर वहां भर्ती मिला।