बलरामपुर के विशुनपुर विश्राम में बृहस्पतिवार को छात्राओं को पुस्तक देते डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। पचपेड़वा के विशुनपुर विश्राम में डीएम ने बृहस्पतिवार को थारू क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ चौपाल लगाकर समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही यहां पर दुग्ध कलेक्शन सेंटर खोलने को कहा, जिससे लोगों को स्वरोजगार मिल सके।
चौपाल में डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने संपर्क मार्ग से सभी ग्रामों को जोड़ने के लिए वन विभाग को सड़क बनवाने को कहा। यहां पर झूलापुल की मांग ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष रखी, इस पर अधिशासी अभियंता को सर्वे कर प्रोजेक्ट बनाए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने थारू जनजाति के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त किए जाने के लिए औषधीय खेती के साथ हल्दी व मशरूम की खेती के लिए प्रेरित किया। कहा कि उद्यान विभाग से पौधे व अनुदान दिए जाएंगे और बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में सीएसआर फंड से स्मार्ट क्लास बनाए जाने व सोलर पैनल लगाए जाने का निर्देश दिया। राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज की विज्ञान वर्ग में मान्यता कराए जाने के लिए सभी कमियों को दूर कराने का निर्देश डीआइओएस को दिया।
डीएम ने विशनपुर विश्राम के थारू विकास परियोजना कार्यालय में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। प्रसव कक्ष में नवजात को पोलियो ड्रॉप पिलाया। जननी सुरक्षा योजना व मातृत्व वंदना योजना का लाभ दिए जाने और नवनिर्मित भवन को महिला वार्ड बनाते हुए मुख्य भवन से जोड़ने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, प्रधानाचार्य महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामकृपाल शुक्ला, समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, बीएसए कल्पना देवी व डीआईओएस गोविंद राम सहित अन्य मौजूद रहे।