लैपटॉप और साइकिल देकर मेधावियों का किया सम्मान
लखनऊ। सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत सरैया में स्थानीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रबुद्धजन सम्मेलन व मेधावी सम्मान समारोह में शिरकत की। शिक्षकों व ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में छह मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और दस अन्य मेधावियों को साइकिल देकर सम्मानित किया। विधायक ने गांव में स्थित शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। 20 सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग पर अयोध्या दर्शन के लिए तीन बसें भी जल्द भेजने की बात कही। विधायक ने कहा कि मेधावियाें को सम्मानित करके बेहद खुशी हो रही है। यही बच्चे समाज और देश के भविष्य हैं। अब तक क्षेत्र के 1500 से अधिक मेधावियों को लैपटॉप व साईकिल दी जा चुकी हैं। 60 से अधिक विद्यालयों में कंप्यूटर सेंटर व स्मार्ट पैनल स्थापित कराए गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम विलास रावत, प्रधान बीबीपुर दीनानाथ रावत, पूर्व प्रधान पवन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।