मेडिकल की पढ़ाई में ओबीसी कोटे का आरक्षण लागू करने को बसपा सुप्रीमो मायावती ने देर से उठाया गया कदम बताया है। ट्विटर के जरिए मायावती ने कहा है कि यदि केंद्र सरकार यह फैसला समय से पहले ही ले लेती तो इनको अब तक काफी लाभ हो जाता। किंतु अब लोगों को यह चुनावी राजनीतिक स्वार्थ के कारण लिया गया फैसला लगता है। उन्होंने कहा कि बीएसपी बहुत पहले से ही सरकारी नौकरियों में एससी, एसटी व ओबीसी कोटे के बैकलॉग पदों को भरने की मांग लगातार करती रही है। परंतु केंद्र व यूपी सहित अन्य राज्यों की भी सरकारें इन वर्गों के वास्तविक हित व कल्याण के प्रति उदासीन बनी हुई हैं। यह बेहद दुखद है।