श्रावस्ती। जश्न-ए-आजादी की 78 वीं वर्षगांठ पर जिले में शान से तिरंगा लहराया। इसकी शुरुआत क्रॉसकंट्री दौड़ से हुई। सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट पर डीएम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों सहित जिले भर में राष्ट्र ध्वज फहराया गया। इस दौरान जगह -जगह कार्यक्रम आयोजित कर अमर शहीदों को याद किया गया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे उदईपुर निवासी शोभाराम वर्मा, पटना खरगौरा निवासी राम बिहारी, जमुनहा भवनियापुर निवासी साबित राम यादव व नूर मोहम्मद, मदारा निवासी विजय बहादुर मिश्र तथा पंडित शोभाराम त्रिपाठी के परिजनों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 2005 में पुंछ में शहीद कटरा निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल चौधरी सुशील चंद्र के परिजनों को भी अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
वहीं क्रॉसकंट्री दौड़ में पुरुष वर्ग के विजेता बॉबी राना, सुरेश यादव, धर्मेन्द्र वर्मा, प्रवेश कुमार, रंजीत कुमार, अजय यादव व सुफियान सहित बालिका वर्ग में अंशू मौर्या, नैना देवी, रुचि तिवारी, संजना यादव, सुहाना व डिम्पल शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान डीएम के बेटे लव्यांश द्विवेदी व बेटी सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इसी के क्रम में पुलिस लाइन व पुलिस कार्यालय में एसपी, तहसीलों में एसडीएम, ब्लाॅक मुख्यालयों पर बीडीओ, वन कार्यालयों पर डीएफओ व रेंजर, जिला पंचायत में जिला पंचायत व नगर निकायों में अध्यक्ष व विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रबंधकों व ग्राम प्रधानों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं एसएसबी मुख्यालय पर कमांडेंट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान यहां कई खेल प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें एसएसबी जवानों व उनके परिवार के सदस्यों ने प्रतिभाग किया, जिन्हें सम्मानित किया गया।
बाक्स में-
सम्मानित हुए एसपी व अन्य पुलिसकर्मी
पुलिस महानिदेशक की ओर से एसपी घनश्याम चौरसिया को प्रशंसा चिन्ह सिल्वर प्रदान किया गया है, जबकि निरीक्षक फिरोज अहमद को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक, मुख्य आरक्षी रामानंद मौर्य को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा पदक स्वर्ण पदक, मुख्य आरक्षी प्रमोद यादव को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न। फायरमैन सर्वेश कुमार को महानिदेशक अग्नि सेवा का प्रशंसा चिह्न रजत प्रदान किया गया। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जबकि यूपी 112 के आठ पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही इकौना क्षेत्र निवासी जागरूक कॉलर दानिश उमर को प्रतीक चिह्न व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। संवाद