रायबरेली। शहर के मुख्य बाजार सुपर मार्केट, बेलीगंज व आसपास की बाजारों के व्यवसायियों को बड़ी राहत मिली है। रायबरेली विकास प्राधिकरण (आएडीए) इन बाजारों में व्यावसायिक दुकानों को वैध करेगा। करीब 23 साल बाद महायोजना-2031 में सुपर मार्केट क्षेत्र के भू प्रयोग को व्यावसायिक घोषित किए जाने के बाद कारोबार के लिए भवनों को वैध किया जा सकेगा।
शहर की सबसे सकरी और भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी रोड को 12 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे यहां जाम की बड़ी समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी। रायबरेली विकास प्राधिकरण की महायोजना-2031 शासन से पास हो गई है। जल्द ही नोटीफिकेशन के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। यह महायोजना शहर के विकास के लिए अच्छी मानी जा रही है। कई क्षेत्रों में लोग अब अपने आवासीय भवनों को वैध करवा सकेंगे। प्राधिकरण में कई भवनों के मैप पास करवाने के लिए लंबित भी हैं। महायोजना के लागू होने के बाद आसानी से संबंधित भवन आवासी से वैध किए जा सकेंगे।
वर्ष 2001 में सुपर मार्केट, बेलीगंज, सब्जी मंडी, कैपरगंज आदि क्षेत्र को व्यावसायिक श्रेणी में रखा गया था। उस समय व्यावसायिक गतिविधियों वाले भवनों के व्यावसायिक मैप पास किए गए, लेकिन बाद में इस क्षेत्र के भू प्रयोग को निर्मित घोषित किए जाने के बाद व्यावसायिक गतिविधियां तो बढ़ी, लेकिन व्यवसायिक भवनों को वैध करने की प्रक्रिया पर विराम लग गया।
अब इस क्षेत्र की भूमि के प्रयोग को फिर से व्यावसायिक घोषित कर दिया गया है। ऐसा होने के बाद कई बड़े कांप्लेक्सों के वैध होने का रास्ता साफ हो गया है। इन कांप्लेक्सों की फाइलें प्राधिकरण में लंबित हैं। महायोजना के लागू होने का इंतजार किया जा रहा है। रायबरेली विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता एम. अहमद का कहना है कि जल्द ही महायोजना के लागू होने के साथ ही शामिल किए गए प्रस्तावों पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
करीब डेढ़ किमी लंबी सब्जी मंडी रोड होगी चौड़ी
जाम और अतिक्रमण में फंसी घंटाघर से होते हुए खोवा मंडी के पास बस स्टेशन-रतापुर मार्ग पर खत्म होने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सब्जी मंडी रोड के दिन अब बहुरने वाले हैं। महायोजना में इस रोड को 12 मीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव पास किया गया है। व्यावसायिक क्षेत्रों में सड़कें 18 मीटर चौड़ी होने का प्रावधान है, लेकिन दोनों ओर जगह कम होने के कारण इस रोड को 12 मीटर ही चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। इससे दुकानदारों को भी ज्यादा नुकसान नहीं होगा। सड़क के चौड़ा होने से मुख्य शहर में जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी। वर्तमान समय में स्थिति यह है कि भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को बाइक से भी इस रोड पर चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।