सीतापुर। थाना थानगांव क्षेत्र में झोलाछाप के इलाज से एक विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरा निवासी मीरा को बुखार व पेट में दर्द की शिकायत थी। इस पर परिजनों ने पड़ोस के गांव मूर्तपुर में एक झोलाछाप को दिखाया। झोलाछाप ने भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। शुक्रवार को हालात गंभीर होने पर दूसरी जगह पर इलाज कराने की बात कही। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक बोले महिला की पहले ही मौत हो चुकी है। पति प्रहलाद ने बताया कि झोलाछाप ने कई इंजेक्शन लगा दिए थे। इससे आक्रोशित परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी।
एसओ रेउसा संतोष कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीएचसी अधीक्षक रेउसा डॉ. विकास कुमार ने बताया कि हमें इसकी जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।