कन्नौज के गांव रसूलाबाद में एक धार्मिक स्थल परिसर में मांस फेंकने केबाद हुई आगजनी और तोड़फोड़ की घटना पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही वहां के डीएम राकेश कुमार मिश्रा और एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को हटा दिया गया है। दोनों को प्रतीक्षा में रखा गया है। चित्रकूट के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला को वहां से स्थानांतरित करते हुए इसी पद पर कन्नौज में जिम्मेदारी दी गई है। शुक्ला मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी रहे हैं। प्रदेश सरकार ने कुल पांच आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। बरेली के नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को चित्रकूट का जिलाधिकारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज के सचिव जगदीश को विशेष सचिव आबकारी के पद पर तैनाती दी गई है। उनके स्थान पर अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (प्रशासन), सहकारिता विभाग खेमपाल सिंह को प्रयागराज भेजा गया है। विशेष सचिव आबकारी निधि गुप्ता वत्स को बरेली का नगर आयुक्त बनाया गया है।