ठाकुरगंज के फरीदीपुर के पास सोमवार देर रात को संदीप कुमार गुप्ता (39) ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस के मुताबिक, संदीप मोबाइल पर बात कर ट्रैक पार कर रहा था।
इस दौरान उसे ट्रेन के आने की आहट तक नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक विजय यादव के मुताबिक, मड़ियांव के पलटन छावनी का रहने वाला संदीप कुछ साल से दुबग्गा स्थित ससुराल बादलखेड़ा में रह रहा था।
परिवार में पत्नी पूजा व तीन बच्चे हैं। भाई कुलदीप के मुताबिक, सोमवार रात खाना खाकर संदीप टहलने निकला था।
इस बीच किसी से मोबाइल पर बातचीत करने लगा और फरीदीपुर के पास रेल ट्रैक पार करने लगा। बातचीत के दौरान उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं पड़ी।
हादसे में उसकी मौत हो गई। पास में पड़े मोबाइल से परिजनों का नंबर निकालकर पुलिस ने हादसे की सूचना दी थी।
एडवरटाइजिंग कंपनी के मैनेजर ने की खुदकुशी
बीबीडी के अनौरा कला में रहने वाले विकास प्रताप सिंह (36) ने सोमवार देर रात फांसी लगा ली। प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह के मुताबिक, अपार्टमेंट निवासी विकास प्रताप सिंह एडवरटाइजिंग कंपनी में मैनेजर था। परिजनों ने बताया कि वह कुछ महीने से काफी परेशान था। डेढ़ महीने से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। पत्नी रेखा बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। सोमवार शाम को उसकी मां पड़ोस में किसी काम से गई थी। इस बीच कमरे में उसने फांसी लगा ली।
करंट से ऑटो चालक की मौत
इंदिरागनर के दीनदयालपुरम निवासी संतोष कुमार मिश्रा (40) की करंट से मौत हो गई। वह ऑटो चालक था। प्रभारी निरीक्षक रामफल प्रजापति के मुताबिक, मूलरूप से बाराबंकी के टिकैतनगर निवासी संतोष पत्नी अनीता व दो बेटों के साथ दीनदयालपुरम में रहता था। मंगलवार सुबह घर में बिजली का बोर्ड ठीक कर रहा था। अचानक हाथ तार से छू गया और उसकी मौत हो गई।