लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेलिब्रिटी गार्डन के एक घर में काम करने वाली युवती की रविवार को 11वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही छानबीन कर रही है।
गोसाईंगंज के अमेठी कस्बा स्थित शहजादपुर निवासी अनीता (25) चचेरी बहन मोहिनी के साथ सेलिब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल पर रहने वाले रियल स्टेट कंपनी इमार के अधिकारी सुशील सिंह के घर में काम करती थीं। दोनों बहनें अपार्टमेंट में ही सर्वेंट रूम में रहती थीं। रविवार दोपहर एक बजे अनीता मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं और मोहिनी बाथरूम में थीं। तभी अनीता ने मोहिनी को आवाज लगाई और बताया कि वह जा रही हैं। कुछ मिनट बाद मोहिनी बाथरूम से निकलीं तो पता चला कि अनीता 11वीं मंजिल से गिर गई हैं।
मालिक सुशील सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अनीता को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनीता रविवार सुबह नौ बजे चचेरी बहन मोहिनी के साथ अपने घर से काम पर लौटी थीं। सुशांत गोल्फ सिटी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक मोहिनी ने बताया कि घटना से पहले अनीता मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। वह तनाव में दिख रही थीं। इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।