लखनऊ ने जीता मंडलीय क्रिकेट का खिताब
लखनऊ। रायबरेली के रेलवे कोच फैक्टरी क्रिकेट स्टेडियम लालगंज में मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। इस प्रतियोगिता के 14 वर्षीय बालक वर्ग में लखनऊ की टीम चैंपियन बनी। लखनऊ ने फाइनल में हरदोई को 85 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। लखनऊ की टीम ने प्रतियोगिता में अपने सभी मुकाबले जीते। इसमें लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई और सीतापुर की टीमों ने हिस्सा लिया था। खिताबी मुकाबले में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शुरुआती झटकों के बावजूद विजय ने 46 और इशराक ने 25 रन की अहम पारियां खेलीं। टीम ने 15 ओवर में पांच विकेट पर 122 रन का स्कोर बनाया। हरदोई की टीम 9.4 ओवर में 37 रन पर ढेर हो गई। मो. कैफ और शबजान ने लखनऊ के लिए चार-चार विकेट झटके।