लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के विभागों में संविदा शिक्षकों के 128 पदों के लिए जनवरी में परीक्षा होगी। विवि ने नवंबर में इंजीनियरिंग, फार्मेसी सहित विभिन्न स्ववित्तपोषित विभागों में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इनके सापेक्ष आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर थी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवि ने अब इनकी स्क्रूटनी शुरू कर दी है। यह शीतकालीन अवकाश में पूरी कर लेने की उम्मीद है।
लविवि की डीन रिक्रूटमेंट प्रो. मनुका खन्ना ने बताया कि संविदा शिक्षकों की भर्ती के लिए स्क्रूटनी चल रही है। कुल आवेदन कितने आए हैं, यह स्क्रूटनी के बाद तय होगा लेकिन नए पुराने दोनों आवेदनों को मिलाकर संख्या तकरीबन चार हजार होगी। उन्होंने कहा कि इन पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी हो सके, इसके लिए तेजी से कार्य हो रहा है। लिखित परीक्षा अगले महीने जनवरी में कराने की योजना है। संविदा शिक्षकों में 84 असिस्टेंट प्रोफेसर, 29 एसोसिएट प्रोफेसर, 13 प्रोफेसर और दो निदेशक पदों पर भर्ती की जानी है।