लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता का आगाज शुक्रवार को होगा। 27 से 29 अक्तूबर तक प्रतियोगिता चलेगी। विधि संकाय की एडीआर समिति और प्रो. बोनो कल्ब की ओर से इंटर कॉलेजिएट क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता में शहर के सभी विधि कॉलेजों की 60 से अधिक टीमें प्रतिभाग करेंगी। संकायाध्यक्ष प्रो. बीडी सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि यूपी सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता (प्रथम) प्रशांत सिंह अटल और विशिष्ट अतिथि आईएएस चंद्रभूषण त्रिपाठी व एमएलसी पवन सिंह चौहान करेंगे।
एडीआर के समन्वयक प्रो. हरिश्चंद्र राम और प्रो. बोनो क्लब के समन्वयक डॉ. आलोक यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता से विधि छात्रों में समझने का नया नजरिया विकसित होगा। 29 अक्तूबर को प्रतियोगिता का समापन पर वरिष्ठ अधिवक्ता उच्च न्यायालय संजय भसीन, पूर्व अध्यक्ष अवध बार एसोसिएशन हरिगोविंद सिंह परिहार और ज्वाइंट सेक्रेटरी अवध बार एसोसिएशन राहुल सिंह रहेंगे।
-
एलएलबी समेत कई कोर्सों के परीक्षा परिणाम जारी
लखनऊ। लविवि ने बुधवार को सम सेमेस्टर परीक्षा के तहत कई कोर्सों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। विद्यार्थी लविवि की आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत परीक्षाफल देख सकते हैं। परीक्षा विभाग ने जिन पाठ्यक्रमों के परिणाम जारी किए हैं उनमें एलएलबी ऑनर्स 2019, एमएससी भौतिक विज्ञान, एमए उर्दू, अरब संस्कृति, मास्टर ऑफ पॉप्युलेशन स्टडीज और मास्टर ऑफ सोशल वर्क के चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम शामिल हैं। इसके अलावा एमएससी फूड प्रोसेसिंग एंड फूड टेक्नोलॉजी, वनस्पति विज्ञान, बायोकेमिस्ट्री, एमए समाजशास्त्र, पर्शियन, कंपोजिट हिस्ट्री व ड्राइंग एवं पेटिंग के दूसरे सेमेस्टर के परिणाम जारी किए गए हैं।